महिला का बैग लूटकर भागे, ताकती रह गई पुलिस
घटनास्थल से 50 मीटर दूर खड़ी थी यूपी-100 टीम
एसबीआई से रुपये निकाल रिश्तेदारी में जा रही थी महिला
कप्तानगंज थाने के रखिया गांव के पास की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज (बस्ती)। भारतीय स्टेट बैंक शाखा से मंगलवार दोपहर 28 हजार रुपये निकालकर पति के साथ रिश्तेदारी में जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने बैग छीन लिया। छीनाझपटी में बैग का हैंडिल महिला के हाथ में रह गया। घटनास्थल से बमुश्किल 50 मीटर दूरी पर यूपी-100 पुलिस टीम की पीआरवी खड़ी थी। लूट करके उनके बगल से बदमाश निकलकर भागे पर उसके अंदर बैठे पुलिस कर्मी टस से मस नहीं हुए। जिसे लेकर लोगों में गुस्सा भी रहा।
थाना क्षेत्र के कोयलरा निवासी क्रांति पत्नी राजकुमार किसी रिश्तेदार को देने के लिए 28 हजार रुपये निकाला। रुपये बैग में रखकर पति की साइकिल पर पीछे बैठकर रिश्तेदार में जाने लगी। हाईवे पर खजुहा गांव के पास एक ही बाइक पर सवार दो बदमाश आए और पीछे बैठी महिला से बैग छीनने लगे। इस कोशिश में बैग का हैंडिल टूटकर महिला के हाथ में आ गया और रुपये लेकर बदमाश चंपत हो गए। चीखते-चिल्लाते दंपती बदमाशों के पीछे दौड़े। आंख से ओझल हो जाने के बाद हताश होकर हाइवे पर ही बैठ गए और रोने-चिल्लाने लगे। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष कप्तानगंज पंकज गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी कलवारी अनिल कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती पंकज भी पहुंचे। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल कर दंपती को लेकर बैंक शाखा पहुंचे। रुपये निकालते समय की सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों की पहचान करने में जुट गए।