पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, हो रहा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के रानीपुर लाद गांव में बृहस्पतिवार को 70 वर्षीय बुजुर्ग दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार सिंह बुजुर्ग को अपने साथ थाने ले गए। जहां उसने अपना नाम फेकूकादू शाह निवासी ढड़ई गांव, थाना डंडई, झारखंड बताया। पता चला कि वह अयोध्या दर्शन के लिए आया था, जहां वह अपनों से बिछड़ कर दुबौलिया पहुंच गया है। पुलिस ने इसकी सूचना बुजुर्ग के परिजनों को दी है और उनके आने का इंतजार कर रही है।
बुजुर्ग ने बताया कि वह सप्ताह भर पहले अपने गांव के कुछ लोगों के साथ बस से प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के लिए निकला था। स्नान के बाद वह बस से ही अयोध्या दर्शन के लिए आ गया। जहां दर्शन करने के बाद वह अपनों से बिछड़ गया। वह पैदल ही दुबौलिया थाना क्षेत्र के रानीपुर लाद गांव में आ गया था। थाना प्रभारी जीतेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन इन्हें लेने के लिए घर से निकल चुके हैं, उनके आने पर इन्हें उनकी सुपुर्दगी में दे दिया जाएगा।