मानिकचंद(बस्ती)। चार दिन पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया पुलिस चौकी के पास लावारिस मिला बच्चा लखनऊ से भटककर यहां आया था। बच्चे के माता-पिता बुधवार को पहुंचे। सीडब्लूसी के निर्देश पर बच्चे को उनके सुपुर्द किया गया।
शनिवार की शाम बच्चा चौकी प्रभारी संजय कुमार को घूमता मिला था। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित, पिता का अशोक, अपनी मां का नाम अंजली और छोटे भाई का नाम मोहित बताया पर अपना पता नहीं बता पा रहा था। बच्चे को खिलाने-पिलाने के बाद काफी प्रयास व फुसलाने पर उसने कैसरबाग लखनऊ का नाम लिया। सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर बच्चे को चाइल्ड केयर लाइन के सुपुर्द करके सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से पता लगाया जा रहा था।
काफी प्रयास के बाद बच्चे के परिवार का पता चल गया। बच्चे की मां अंजनी पत्नी स्व. अशोक कुमार निवासी मीरपुर थाना कैसरगंज जिला बहराइच ने बताया कि वर्तमान में वह अपने बच्चों के साथ मछली मंडी थाना कोतवाली कैसरबाग, लखनऊ में रहती है। मुझे नहीं पता है कि यह कैसे यहां पहुंच गया। फिलहाल, अपने बेटे रोहित को पाकर मां अंजली व छोटा बेटा मोहित काफी खुश नजर आ रहे थे।