वैध पर्चों की दिनभर होती रही जांच, शुक्रवार को प्रकाशित होगी सूची
बभनान समिति परिसर में अलर्ट मोड़ पर रही पुलिस, बंद रहीं दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। विभिन्न गन्ना समितियों के चुनाव की गर्मी बढ़नी शुरु हो गई है। बृहस्पतिवार को डेली गेट पद पर नामांकन और पर्चा खरीदने की भीड़ समितियों पर लगी रही। बभनान समिति के 558 पदों के सापेक्ष करीब 646 लोगों ने आवेदन किया। चुनाव अधिकारी विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया शांतपूर्ण ढंग से पूरी हुई। पर्चों की जांच चल रही है। वैध पाए जाने वाले पर्चों की सूची शुक्रवार को प्रकाशित की जाएगी।
बभनान गन्ना समिति पर बृहस्पतिवार की सुबह से ही डेली गेट का चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों का जमावड़ा लगना शुरु हो गया था। गन्ना समिति का चुनाव दो जनपद व 3 विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा हुआ होने के कारण दिनभर कस्बे में गहमा-गहमी रही। नामांकन के चलते समिति के आसपास क्षेत्र की दुकानों को प्रशासन ने बंद करा दिया था। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टिकोण से व्यापक स्तर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कहीं से किसी प्रकार की कोई अनहोनी की सूचना नहीं मिली। टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार, सहकारी गन्ना विकास समिति के 102 डेलीगेट्स की सीटों के लिए 124 पर्चे प्रत्याशियों ने खरीदे। निवार्चन अधिकारी आलोक पंकज ने बताया की सामान्य निकाय के गठन की प्रक्रिया के तहत होने वाले चुनाव में पर्चों की बिक्री व पर्चा दाखिला हुआ है। 120 पर्चे दाखिल हुए। जिनकी जांच चल रही है। 27 सितंबर को वैध पर्चे का प्रदर्शन होगा।
तीन अक्तूबर को होगा मतदान
मुंडेरवा। सहकारी गन्ना विकास समिति के चुनाव में 618 गांवों के 581 डेलीगेट ने पर्चा भरा। अधिकांश जगहों पर डेलीगेट निर्विरोध निर्वाचित। जबकि कुछ जगहों पर 3 अक्टूबर को चुनाव होगा। प्रथम चरण में डेलीगेट्स ने बृहस्पतिवार को पर्चा भरा, जिनमें से कुछ जगहों पर एक से अधिक प्रत्याशी होने पर 3 अक्टूबर को चुनाव होगा। चुनाव परिणाम आने के बाद डेलीगेट डायरेक्टर का चुनाव करेंगे। निर्वाचन अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया की डेलीगेट के पर्चे का परीक्षण किया जा रहा है। जहां दो प्रत्याशी होंगे वहां 3 अक्टूबर को चुनाव होगा।बताया कि डायरेक्टर का चुनाव 16 अक्टूबर और अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर होगा। 11 निर्वाचन क्षेत्र मेरा, कोपे, लहुरादेवा बुधाकला, हल्लौर, जगदीशपुर, देईसांड़, परसा हज्जाम, मेहता, कुड़वा, कुदरहा है।