बस्ती। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को पूर्णिमा के अवसर पर कुआनो के अमहट घाट मां दुर्गा की प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। पहली बार प्रमुख स्थलों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं पुरानी बस्ती क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पुलिस अत्यधिक सजग है। यहां सड़क किनारे के मकानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही इन मकानों में नए मेहमानों को न ठहराने के निर्देश दिए गए हैं।
मोहर्रम के अवसर पर कई बार तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के पुलिस किसी भी प्रकार की ढील नहीं देना चाहती है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पहली बार नगर के गांधीनगर और मंगलबाजार आदि स्थलों पर निगहबानी ड्रोन से की जाएगी।
पुरानी बस्ती क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ने वाले मकानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इन मकानों में रहने वाले लोगों की जानकारी लेकर पुरानी बस्ती पुलिस ने इन मकानों की छतों पर किसी प्रकार का ईंट पत्थर आदि एकत्र करने से मना किया है।
तलाशी के दौरान ऐसा कुछ मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन मकानों में रहने वाले लोगों को निर्देश दिया गया है कि मंगलवार को इनके घर कोई नया मेहमान न रुकने पाए। कंपनी बाग चौराहे से शहर में शाम छह बजे के बाद वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी कृपाशंकर सिंह ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक निपटाना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में पुलिस अपने तरफ से कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
विसर्जन की व्यवस्था के तहत शहर में एक एएसपी, पांच सीओ, 14 प्रभारी निरीक्षक व एसओ, 90 एसआई, एक महिला एसआई, 150 एचसीपी, 300 कांस्टेबल, 35 महिला सिपाही, 15 ट्रैफिक हेड कांस्टेबल, 500 होमगार्ड, दो कंपनी पीएसी, दो फायर टेंडर, डाग स्क्वॉयड, टीयर गैस स्क्वायड, वज्र वाहन आदि की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही बिना वर्दी के भी पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। पुरानी बस्ती से प्रतिमाएं दोपहर 12 बजे से निकलनी शुरू हो जाएंगी।