कुदरहा। मरीज को वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराकर लौट रही 108 एंबुलेंस रविवार की सुबह हादसे का शिकार हो गई। कैथी टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े डंपर में एंबुलेंस पीछे से घुस गई। इससे चालक की मौत हो गई, जबकि ईएमटी गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक की पहचान सुनील यादव (35) निवासी ग्राम कौलपुरा, थाना लालगंज, बस्ती के रूप में हुई, जो बलिया जिले के दुबहड़ सीएचसी में एंबुलेंस चालक पद पर कार्यरत थे। परिवार वालों ने बताया कि सुनील ईएमटी के साथ मरीज को लेकर वाराणसी स्थित बीएचयू गए थे और भर्ती कराने के बाद रविवार की सुबह करीब 4:20 बजे एंबुलेंस से सीएचसी दुबहड़ के लिए रवाना हुए। रास्ते में दोनों ने करीब एक घंटे विश्राम भी किया था। इसके बाद निकले तो सुबह लगभग 6:15 बजे कैथी टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। संवाद