बस्ती। गांव और शहर में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्कों की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी के निर्माण की पहल हुई है। इससे डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं सुरक्षित होंगी। इस संबंध में आदेश प्राप्त होने पर डीपीआरओ कार्यालय सूचना एकत्र करवा रहा है।
पंचायतीराज निदेशालय से जारी पत्र में जहां भी बाबा साहब की मूर्तियां लगी हैं, वहां चहारदीवारी न होने की सूचना मांगी गई है। साथ ही मूर्तियों पर छत्र भी लगाया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक, ग्राम पंचायत, एलजीडी कोड, मूर्तियों की संख्या, चहारदीवारी और छतरी निर्माण संबंधी आगणन तैयार किया जाना है। डीपीआरओ घनश्याम सागर ने बताया कि पत्र मिलने के बाद सूचना एकत्र कराई जा रही है। जल्द ही निदेशालय को यह सूचना भेज दी जाएगी। बताया कि जिले में 1187 ग्राम पंचायतें हैं। अधिकांश ग्राम पंचायतों में मूर्तियां लगी हैं।