बस्ती। व्यापारी पुत्र राहुल मद्धेशिया अपहरण कांड में नामजद पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के खिलाफ चल रहे केस में शनिवार को भी कोई गवाह न्यायालय में पेश नहीं हुआ। लगातार तारीखों पर गवाहों के पेश न होने पर विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट प्रमोद कुमार गिरि की अदालत ने गवाहों को समन जारी करने का आदेश दिया है। साथ ही एसपी को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि गवाहों को कोर्ट में पेश कराएं।
करीब 24 साल पुराने इस मामले में 23 फरवरी 2024 से कोर्ट में गवाही चल रही है। अपहृत राहुल मद्धेशिया सहित चार गवाहों का अब तक बयान दर्ज किया जा सका है। उसके बाद अन्य गवाह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं। बता दें कि, छह दिसंबर 2001 को कोतवाली थाना क्षेत्र के रोडवेज तिराहा निवासी धर्मराज मद्धेशिया के बेटे राहुल को स्कूल जाते समय अगवा कर लिया गया था। इस मामले में पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी सहित नौ के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया गया था। आरोप है कि लखनऊ के जिस मकान से राहुल मिला था, वह अमरमणि का ही था। संवाद