परिजनों ने पांच लोगों के घटना में शामिल होने की दी तहरीर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। चार दिन पहने छावनी क्षेत्र के मझौआ दुबे गांव निवासी ढाबा संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क के किनारे मिली लाश के मामले में परिजनों ने शुक्रवार को पुलिस को लिखित तहरीर देकर हत्या किए जाने का शक जाहिर किया है। आरोप है ढाबा संचालक ने जमीन खरीदने के लिए एक शख्स को रुपये दिए थे। मगर, आरोपी ने जमीन दूसरे को बेंच री। रकम वापसी के लिए दबाव बनाने पर हत्या किए जाने का अंदेशा जताते हुए परिजनों ने पांच लोगों पर केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। बिसरा जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, छावनी क्षेत्र के मझौवा दुबे गांव निवासी शोभाराम हाईवे के किनारे ढाबा चलाते थे। मंगलवार की शाम करीब छह बजे वह मलौली बाजार गए थे। रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी ने मोबाइल पर फोन कर घर आने के बारे में पूछा तो थोड़ी देर बाद आने की बात कही। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने सोचा कि ढाबे पर सो गए होंगे।
बुधवार की सुबह शराब की दुकान से दो सौ मीटर दूर शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पास ही बाइक पड़ी मिली और चप्पल शराब ठेका के पास मिला। शव की शिनाख्त ढाबा संचालक शोभाराम के रूप में हुई। बृहस्पतिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए भेजा गया है। मृतक के भाई ने तहरीर दी है। पुलिस तहरीर में हत्या किए जाने के अंदेशे वाले बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी।