बहादुरपुर। मनरेगा के स्थान पर लागू वीबी जी राम जी योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दावों के बीच बहादुरपुर ब्लॉक के डारीडीहा ग्राम पंचायत में फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्यस्थल पर श्रमिक मौजूद नहीं रहते, लेकिन पोर्टल पर रोजाना बड़ी संख्या में उनकी हाजिरी दर्ज कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ग्राम पंचायत डारीडीहा में दो तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य के लिए जारी मस्टर रोल पर पिछले दो सप्ताह से रोजाना 130 से 140 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और उपायुक्त श्रम एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा) को शपथ पत्र देकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, धर्मराज तिवारी के खेत के पास स्थित तालाब तथा सेमरा में ग्राम वन के निकट तालाब के जीर्णोद्धार कार्य के लिए 3 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक का मस्टर रोल जारी किया गया है। आरोप है कि शनिवार को तालाब पर पोर्टल में 87 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि मौके पर एक भी मजदूर कार्य करता नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर फर्जी मस्टर रोल निरस्त करने, संबंधित भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है।