बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो प्रसारित किए जाने के विरोध में शनिवार को अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। शिवशंकर श्रीवास्तव एडवोकेट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के संबंध में भ्रामक, निराधार और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है। इससे उनकी छवि प्रभावित होने के साथ ही समाज में गलत संदेश जाने की आशंका है। अधिवक्ताओं ने ऐसी पोस्ट प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए इस तरह की सामग्री के प्रसार के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान विंध्यवासिनी पाठक, अमरेश सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, रमेश चंद्र पांडेय, विजयकांत सिंह, बृजेश पांडेय, राकेश कुमार, अजय मिश्रा और शीतल दत्त सिंह मौजूद रहे।