कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की संयुक्त बैठक हुई। इस दौरान सांसद और डीएम ने बैंकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए इसे सुधारने को कहा।
सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि बैंक अधिकारी कार्यप्रणाली के साथ ही जनप्रतिनिधियों और उनकी सिफारिशों के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, अटल पेंशन योजना, मुद्रा बैंक योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन के लिए 15 से 25 अप्रैल के बीच बैकों को ब्लॉक मुख्यालयों पर कैंप लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सांसद ने जनधन, दुर्घटना बीमा समेत केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं डीएम नरेन्द्र सिंह पटेल ने बैंकों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कामधेनु योजना सहित महत्वपूर्ण योजनाओं का मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन करने का बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया। कहा कि इन योजनाओं में शिथिलता न बरतें। प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार सृजन के लिए वित्तीय सहायता के लिए संवेदनात्मक रुख अख्तियार करने का निर्देश दिया। पशुपालन विभाग द्वारा प्रेषित वित्तपोषण की पत्रावलियों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब को प्रतिकूल बताते हुए कहा कि बैंक अधिकारी को योजनाओं के प्रोजेक्ट की संरचना पर आपत्ति लगाने का अधिकार नहीं है।
यदि किसी बिंदु पर आपत्ति अपरिहार्य हो तो उसे एक सप्ताह के भीतर आपत्ति के साथ पत्रावली वापस की जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को डीएम ने निर्देश दिया कि शासकीय योजनाओं की पत्रावलियां मानक के अनुरूप तैयार कराते हुए परीक्षण के बाद पत्रावलियों को भेजने को कहा। जिससे लाथार्थियों को परेशान न होना पड़े। इस दौरान पाया गया कि एक लाख दो हजार केसीसी खाता धारकों में से मात्र 24122 व्यक्तियों की राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना की प्रीमियम की धनराशि जमा हुई है।
डीएम ने इसे अत्यन्त कम करार देते हुए प्रयास पर विशेष बल दिया। डीएम ने बीमा योजनाओं की समग्र जानकारी उपलब्ध कराने तथा अपेक्षित प्रगति के लिए सभी विकास खंडों से किसानों को बुलाकर कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
संचालन कर रहे लीड बैंक के मुख्य प्रबंधक जगदीश नारायण ने बैंकवार प्रगति की जानकारी दी। बैठक में सीडीओ सोबरन सिंह, कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह के प्रतिनिधि खादिम हुसेन, गुलाब सोनकर, जिला कृषि अधिकारी सतीश पाठक सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।