हर्रैया। पैकोलिया थाना क्षेत्र के नैपुरवा गांव में भटककर पहुंची महिला की बांधकर पिटाई के मामले में सरकारी जमीन पर बने आरोपियों के घर को ध्वस्त कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को भाजपा नेता चंद्र मणि पांडेय सुदामा के साथ ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। जल्द कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा।
पिछले दिनों महिला भटक कर बगल के गांव नयपुरवा पहुंच गई थी। गांव में एक समुदाय विशेष के लोगों ने महिला को चोरों के गिरोह का सदस्य बताते हुए पकड़ कर खूंटे से बांध दिया था और यातनाएं दी थीं। आरोप है कि महिला के बगल के गांव का निवासी व परिजनों का नाम बताने के बाद भी आरोपी जुल्म ढाते रहे। यहां तक कि चाकू गरम कर कई जगह दाग दिया था। पहले तो मामले में पुलिस ने आरोपियों को शांति भंग में चालान कर दिया मगर जब मामला गर्माया तो गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
ग्रामीण व हिंदू वादी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी पुलिस की भूमिका से नाराज है। सोमवार को भाजपा नेता चंद्र मणि पांडेय के साथ दर्जनों लोग पीड़िता के गांव से बाइक पर सवार होकर नारे लगाते हुए तहसील पहुंचे।एसडीएम उमाकांत तिवारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किए हुए घरों व चरनी घारी पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने की मांग की। भाजपा नेता ने बताया कि एसडीएम ने जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।