एडीजी ने पुलिस अधिकारियों से ली कार्रवाई की जानकारी
बस्ती। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन गोरखपुर अखिल कुमार रविवार देर शाम परिक्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने और अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाइयों की जानकारी ली।
आईजी एके राय और एसपी आशीष श्रीवास्तव से कोविड-19 की दूसरी लहर से बचाव के लिए सरकार की ओर से निर्धारित आदेशों का पालन कराने, कानून व्यवस्था तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजयी प्रत्याशियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विमर्श किया।
एडीजी ने कहा कि कोरोना काल में कर्तव्यनिष्ठा व दृढ़ता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के दौरान कई पुलिसकर्मी भी संक्रमित भी हुए। उपचार के बाद ठीक होकर दोबारा अपने कर्तव्यों पर लौटे। ऐसे ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रोत्साहन के लिए गोष्ठी करके उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली जाए। इस दौरान अन्य अधिकारी मौजूद रहे।