बस्ती। दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के संचालन की तैयारी तेज कर दी है। बस्ती डिपो से दिल्ली, लखनऊ और कानपुर रूट पर सबसे अधिक 50 बसें चलाई जाएंगी। वहीं, स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर, सिद्धार्थनगर और अयोध्या रूट पर भी बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे।
त्योहार के दौरान बसों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए चालक-परिचालकों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं। परिवहन निगम ने दिवाली से भैया दूज और छठ पूजा तक कुल 140 बसों के संचालन की कार्ययोजना बनाई है। इनमें निगम की 102 और अनुबंधित 38 बसें शामिल हैं। फिलहाल बसों का मेंटेनेंस कराया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान अधिक से अधिक बसें सड़क पर उतारी जा सकें। ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर दिल्ली से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज बसें अहम विकल्प रहेंगी। इसी को देखते हुए इस रूट पर अतिरिक्त बसें लगाने की तैयारी है।
12 नवंबर तक बसों को सड़क पर रखने की तैयारी
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि पांच से 12 नवंबर तक सभी बसों को ऑन रोड रखने की तैयारी की गई है। बस अड्डों पर यात्रियों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति को छोड़कर चालक-परिचालकों को छुट्टी नहीं दी जाएगी। निगम मुख्यालय से प्रोत्साहन योजना के संबंध में दिशा-निर्देश जारी होने के बाद उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हर रूट पर बससेवा देने की तैयारी है, ताकि अधिक से अधिक यात्री कवर किए जा सकें।