नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार के खोभा ताल में जहरीला पदार्थ डालकर हजारों मछलियों को मारने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित ने प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि मत्स्य पालन कल्याण समिति के अध्यक्ष नेउर खटीक ने खोभा ताल का पट्टा लेकर मछली पालन किया था। रविवार सुबह जब वह तालाब पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में उतराईं मिलीं। देखते ही देखते तालाब के किनारे भीड़ जुट गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश और के चलते 10 से 15 लोगों ने रात के अंधेरे में तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
नेउर खटीक ने बताया कि मछलियों के पालन-पोषण में लंबे समय से मेहनत और धन लगाया गया था, लेकिन एक ही रात में पूरी मेहनत पर पानी फिर गया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई करने और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।