बस्ती। पूर्व बसपा नेता विपिन कुमार शुक्ल से पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी होने का मामला सामने आया है। उन्हीं के करीबी जहीर अहमद ने लखनऊ में एक भूखंड को अपना बताकर रजिस्ट्री करने के नाम पर उनसे पांच करोड़ रुपये ले लिया। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री से मुकरने लगा। बाद में पता चला कि संबंधित जमीन को उसने पहले ही बेच रखा है। पुरानी बस्ती पुलिस ने तहरीर के आधार पर जहीर और उनकी पत्नी शारदा पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है।
मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस सक्रिय हो गई है। रुपये हड़पने से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी जहीर तक पहुंचने के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिया है। बता दें कि जहीर जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के पेड़रिया का रहने वाला है। पूर्व में वह कप्तानगंज से बसपा के टिकट पर 2022 विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। वह जमीन के कारोबार से भी लंबे समय से जुड़ा है। विपिन भी हर्रैया विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर वर्ष 2017 में चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों के बीच अच्छे व्यवसायिक संबंध होने बताए जा रहे हैं।
विपिन शुक्ल के अनुसारए जहीर ने उनके घर आकर कहा कि लखनऊ शहर में उसकी व्यवसायिक जमीन है। जिसके कागजात दिखाकर रजिस्ट्री करने को कहा। इसके बाद उनसे नकद और आरटीजीएस के जरिये उसने अपने और पत्नी शारदा के खाते में पांच करोड़ रुपये लिए। पुराना संबंध होने के नाते वह विश्वास में आकर उसे रुपये देते गए। बाद में जब जमीन की रजिस्ट्री के लिए कहा गया तो वह मुकरने लगा। इसके बाद उन्हें शक होने लगा तो जमीन का प्रपत्र चेक कराया। बाद में पता चला जहीर ने जिस जमीन का सौदा किया था उसे वह पहले ही बेच चुका था। थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती जयदीप दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।