बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रानी पोखरा मोहल्ले के एक मकान में प्रार्थनासभा के बहाने रविवार को धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। बड़ी संख्या में महिलाओं-पुरुषों को बुलाकर प्रार्थना सभा कराने की सूचना पर विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह आदि पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां ईसाई धर्म से जुड़ी पुस्तकें भी मिली हैं। एसओ महेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस ने वहां से 25-30 महिला-पुरुषों को थाने ले गई। उन सबसे पूछताछ में पता चला कि हरिहर प्रसाद व शिवशंकर ने उन लोगों को बुलाया था। बाद में काफी संख्या में हिंदू संगठनों के लोग थाने पर पहुंच गए। पुरानी बस्ती पुलिस महासंघ के जिला महामंत्री अर्पण श्रीवास्तव की तहरीर पर चार आरोपियों हरिहर यादव, अंबिका प्रसाद, शिव शंकर व दुर्गावती के खिलाफ बिना अनुमति प्रार्थना सभा करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया है कि उक्त लोग अनुसूचित जाति के लोगों को लालच देकर ईसाई धर्म कबूल करने का दबाव बना रहे थे।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि भोले-भाले लोगों को इसाई बनाने का सुनियोजित खेल चल रहा है। यदि निष्पक्षता से जांच हो तो बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का खुलासा हो जाएगा। महासंघ के अभय प्रताप सिंह, विवेक श्रीवास्तव बिपिन सिंह, राकेश सिंह, सौरभ तिवारी चंचल कश्यप ने बताया कि ऐसी किसी कोशिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।