घायल मां की इलाज के दौरान मंगलवार को हो गई थी मौत
रुधौली थाने के हटवा बाजार में पांच सितंबर को हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के हटवा बाजार में माता-पिता व भाई को लाठी से पीटने के आरोपी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मारपीट में घायल आरोपी की 65 वर्षीय मां की मौत हो गई थी। हटवा बाजार निवासी 70 वर्षीय अब्दुल कलाम तथा छोटे बेटे मो. अहमद के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर पांच सितंबर को मारपीट हुई थी।
जानकारी के अनुसार, मारपीट मेंं अब्दुल कलाम, उनकी पत्नी सफिया खातून तथा बड़ा बेटा जमाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रुधौली पुलिस ने घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया था। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने वृद्ध माता-पिता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां से रेफर होने के बाद साफिया खातून को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
15 सितंबर को सफिया खातून की गंभीर हालत को देखकर डॉक्टर ने जवाब दे दिया था। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें घर ले आए थे। मंगलवार की शाम को उनकी मौत हो गई। इस प्रकरण में पुलिस ने मारपीट का केस पहले ही दर्ज किया था। अब गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाकर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।