गैस सिलिंडर से लदे ट्रक से टकराई बस, दो की मौत, 10 घायल
घने कोहरे के बीच वाल्टरगंज थाने के उमरा तिराहे के पास हुआ हादसा, लखनऊ जा रही थी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
मानिकचंद/रुधौली (बस्ती)। घने कोहरे के बीच बुधवार सुबह आठ बजे बांसी रोड पर वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के उमरा चौराहे के पास निजी बस और गैस सिलिंडर लदे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि उत्तर दक्षिण दिशा में जा रही दोनों वाहनों का रुख पूरब पश्चिम हो गया। हादसे में खलासी समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रुधौली शिवाकांत मिश्रा एवं वाल्टरगंज एसओ डीके सरोज ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजने के बाद दोनों वाहन रास्ते से हटवाया। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक बस्ती-बांसी रोड पर आवागमन बाधित रहा।
संतकबीरनगर जनपद के घोसियारी से रुधौली होते हुए लखनऊ तक जाने वाली प्राइवेट बस सुबह करीब सात बजे सवारियां बैठाकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। घने कोहरे के बीच करीब आठ बजे वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के उमरा चौराहे के पास सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक टकरा गई। हादसे में बस के खलासी हरिओम(22) पुत्र शिव पूजन निवासी सिगरा थाना लालगंज और ट्रक चालक गोविंद (18) निवासी कछिया बभनान थाना गौर की मौत हो गई। वहीं जितेंद्र (35) कोपियां थाना खेसरहरा, धर्मेंद्र (20), निवासी सोनबरसा थाना वाल्टरगंज, प्रमिला (35), शत्रुधन निवासी अगडेगवा खेसरहा और अजय (18) पुत्र हंसराज निवासी पडरिया दत्तू थाना सोनहा की हालत नाजुक देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। छह अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष डीके सरोज ने बताया कि बस के मालिक राहुल निवासी बडेवन की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।