लखनऊ से इलाज करवाकर देवरिया लौट रहे थे सेवानिवृत्त जिला उद्यान अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोटवा बाजार (बस्ती)। हाईवे पर फुटहिया फ्लाईओवर के पास तेज गति से ओवरटेक कर रहे ट्रक से बचने की कोशिश में स्कार्पियो पलट गई। हादसे में वाहन सवार सेवा निवृत्त उद्यान अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए। इसी बीच ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे बाइक सवार घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची नगर बाजार थाने की फुटहिया चौकी की पुलिस टीम ने घायलों को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आवागमन बहाल करवाया। स्कॉर्पियो सवार देवरिया जिले की न्यू कॉलोनी निवासी और बस्ती जिले में जिला उद्यान अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए बीएन त्रिपाठी(64) अपने ड्राइवर बालेश्वर (44) और छोटे लाल यादव (35) के साथ लखनऊ के एक अस्पताल से इलाज करा कर घर की ओर जा रहे थे। वहीं स्कॉपियो के आगे चल रही बाइक में ट्रक ने पीछे से चपेट में ले लिया। जिससे बाइक सवार 28 वर्षीय राम प्रकाश चौधरी पुत्र उमा प्रसाद चौधरी निवासी ग्राम मुस्तफाबाद थाना कलवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी थाना प्रभारी ने दी।