गोसैसीपुर कांड : 10 फरवरी को खूनी संघर्ष में हुई थी राम मिलन चौधरी की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के गोसैसीपुर में 10 फरवरी को राम मिलन चौधरी की फरसे से काटकर की गई हत्या के मामले में फरार आरोपी राज उर्फ भीमराव को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस को अब तक चकमा दे रहा था। पुलिस की तरफ से उस पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि एसओ भानु प्रताप सिंह व स्वाट प्रभारी उमाशंकर तिवारी की टीम ने आरोपी को अगौना बाजार कलवारी से गिरफ्तार किया।
डीही आबादी की जमीन पर कब्जा करने के विवाद में 10 फरवरी को गोसैसीपुर के राम मिलन चौधरी पर गांव के विपक्षियों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडा, फरसा आदि लेकर हमला कर दिया था। धारदार हथियार से राम मिलन चौधरी के पंजे को काट डाला गया था। शरीर के अन्य हिस्से में गहरे वार किए गए थे। इससे राम मिलन चौधरी की मौत हो गई थी। उनके बेटे का भी पंजा काट दिया था। उसका अब तक इलाज चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में गांव के हरिशंकर, सूर्य प्रकाश उर्फ जगलर, रामदास, अंगद, चंदन, मनोज, राज, उदयशंकर उर्फ सोनू, राम नरेश, सचिंद्र, बदरे आलम और 10-12 अज्ञात पर हत्या, बलवा, हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। उनमें से मुख्य आरोपी हरिशंकर उर्फ रावण के अलावा मनोज, सूर्य प्रकाश उर्फ जगनरेश, वीरेंद्र कुमार, बदरे आलम निवासी गोसैसीपुर सहित 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। आठ आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।