करीब 57 प्रतिशत ने छोड़ी नवोदय की प्रवेश परीक्षा
बस्ती। जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए बुधवार को 14 ब्लॉक में 18 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 4707 परीक्षार्थी पंजीकृत थे , लेकिन 2652 ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में केवल एक जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली तहसील में है। विद्यालय में कक्षा छह में 80 सीट स्वीकृत हैं, जिन पर कक्षा पांच पास छात्रों का प्रवेश परीक्षा से होता है।
परीक्षा संयोजक एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र भक्त ने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए 4707 ने पंजीकरण कराया था। लेकिन केवल 2055 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 2652 अनुपस्थित रहे। लगभग 57 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सुबह 11.30 बजे से डेढ़ बजे तक हुई। परीक्षा के लिए पूरे जिले में 18 केंद्र बनाए गए थे। जिसमें किसान इंटर कॉलेज परशुरामपुर, महादेव शुक्ल कृषक इंटर कॉलेज गौर, नेशनल इंटर कॉलेज हरैया, अशोक इंटर कॉलेज छावनी, इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज, किसान इंटर कॉलेज भानपुर, श्रीमती कृष्ण कुमारी पांडेय इंटर कॉलेज, जीआरएस इंटर कॉलेज, बेगम खेर गर्ल्स इंटर कॉलेज, गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुण्डेरवा, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हंसराज इंटर कॉलेज गनेशपुर, श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज, रामदास उदय प्रताप इंटर कालेज चिलमा बाजार को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रति केंद्र 150 छात्र से लेकर 350 छात्र आवंटित हैं। परीक्षा को सुचारू रूप से कराने के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। केंद्रों को कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया गया। इस बार कोरोना संक्रमण के कारण पांचवीं की परीक्षा नहीं हुई है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों काफी समय से प्रवेश परीक्षा की तैयारी करा रहे थे। नवोदय विद्यालय प्रवेश के बाद विद्यालय में ही बच्चे के रहने, खाने, खेल कूद व पढ़ाई की व्यवस्था होती है।