बस्ती। परशुरामपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब स्कार्पियों सवार बदमाशों ने एक युवक को बीच रास्ते से खींचकर गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद तमंचे के बल पर युवक से एटीएम से 50 हजार रुपये निकलवाए और बाद में चलती गाड़ी से फेंक कर फरार हो गए।
पीड़ित विरेंद्र सिंह पुत्र हरिराम ग्राम तंगोर थाना शाहबाद मारकंडा, कुरुक्षेत्र, हरियाणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बा परशुरामपुर में एक सफेद रंग की स्कार्पियों गाड़ी यूपी 33 बीएफ 0033 पर सवार चार व्यक्तियों ने उसे जबरदस्ती खींचकर गाड़ी में बैठा लिया। वे एक लाख रुपये की मांग करने लगे। वे गाड़ी से अयोध्या के देवकाली के पास ले गए और वहां दो एटीएम से 50 हजार रुपये जबरन निकलवाए।
युवक का कहना है कि गाड़ी के अंदर बदमाशों ने उसके सिर पर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। रुपये निकलवाने के बाद बदमाश उसे सुनसान रास्ते पर गाड़ी से धक्का दे दिया और फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिले भर में नाकेबंदी कराई गई। हालांकि, स्कार्पियों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसओ भानुप्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित कस्बे में दवा की दुकान करता है। उसकी शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण और लूट का एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।