पुरानी बस्ती। थाना क्षेत्र के सुर्तीहट्टा मोहल्ले के रहने वाले एक युवक की बुधवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात में ही डीएम की अनुमति से शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया गया। युवक अपने चाचा के गोदाम में बेहोशी की हालत में मिला था। जिसे आनन-फानन ओपेक चिकित्सालय कैली में भर्ती कराया गया, वहां कुछ देर के बाद उसकी मौत हो गई। सुर्तीहट्टा निवासी सुमित गुप्ता (22) अपने चाचा के दक्षिण दरवाजा स्थित दुकान पर काम करता था। बुधवार की शाम को वह दुकान के बगल में स्थित गोदाम से सामान लेने गया था।
करीब आधा घंटा बीत जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो उसके चाचा उसे देखने गोदाम पर पहुंचे। वहां सुमित बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज बस्ती में ले जाया गया, वहां रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार सुबह परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि सुमित बेहद मिलनसार और खुशदिल स्वभाव का था। बताया गया कि पिछले कुछ समय से वह सट्टेबाजी के चक्कर में पड़ गया था। जिसकी वजह से मानसिक तनाव में रहता था। सुमित अपने पिता कृष्णगोपाल के तीन बेटों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती शशांक शेखर राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। परिजनों ने अभी कोई लिखित शिकायत नहीं की है।