हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार और गिमटी। संवाद
- फोटो : 1
महराजगंज। बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर शुक्रवार को सुबह पांच बजे एक बेकाबू कार ने सड़क के किनारे गुमटी में सो रहे युवक को रौंद दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।, वहां कुछ ही देर के बाद युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हर्रैया क्षेत्र के ग्राम खैरी ओझा के पास हाईवे के किनारे गुमटी रखकर बिहार प्रांत के भागलपुर निवासी जयकांत उर्फ मंजीत यादव (25) पुत्र कविलास अपने बड़े भाई के साथ टायर पंचर बनाने का काम करते थे। रोजाना की तरह वह अपनी गुमटी में ही सोए हुए थे। सुबह करीब पांच बजे बस्ती की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार बेकाबू होकर उनकी गुमटी में घुस गई। जिससे जयकांत कार से कुचलकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया गया। जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
इस हादसे की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे में कार चालक मनीष निवासी महेवा थाना गौर को भी मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं हादसे क्षतिग्रस्त कार जस की तस स्थिति में पड़ी हुई है। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस दौरान लगभग एक घंटे तक हाईवे पर लोगों की भीड़ एकत्र रही। स्थानीय लोगों का कहना हैं कि यह स्थल हॉट स्पॉट बन चुका है। प्रशासन और एनएचएआई को यहां सड़क सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर लगवाना चाहिए।