गुजरात से साइकिल यात्रा पर निकले परेश राजपूत।
अयोध्या दर्शन के उपरांत बस्ती पहुंचा, गोरखपुर होते नेपाल रवाना होगा जामनगर का परेश राजपूत
वाल्टरगंज। देश में गोहत्या को पूरी तरह बंद कराने और सनातन धर्म को बढ़ावा देने एवं भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से युवक गुजरात से साइकिल से नेपाल के पशुपति नाथ मंदिर तक की यात्रा पर निकला है। रास्ते में वह तीर्थ स्थलों और प्रमुख मंदिरों का भ्रमण कर लोगों को गोहत्या निषेध का संदेश दे रहा है। अयोध्या से राम मंदिर का दर्शन कर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर जाते समय वह बस्ती जिले से हो कर गुजरा। इस दौरान वह जिन लोगों से मिला उन्हें भी गोहत्या निषेध का संदेश दिया।
गुजरात के जामनगर से पुरानी साइकिल से मजबूत इरादे लेकर पशुपतिनाथ मंदिर के लिए निकले परेश राजपूत ने बताया कि वे चार माह पहले घर से निकले हैं तथा वे रास्ते में सभी तीर्थ स्थानों का दर्शन करते हुए अयोध्या पहुंचे वहां से आज बस्ती पहुंचे उन्होंने बताया कि वे आज ही गोरखपुर पहुंच जाएंगे। गोरखनाथ मंदिर में दर्शन के बाद शुक्रवार को नेपाल रवाना होंगे और वहां बाबा पशुपति नाथ के दर्शन कर गुजरात लौटेंगे।
परेश राजपूत ने बताया कि अभी तक वे सात हजार किलोमीटर की यात्रा साइकिल से कर चुके हैं, अभी वापस गुजरात पहुंचने में उन्हें चार महीने और लगेंगे। उन्होंने बताया कि वे पेशे से एक सोसायटी में चौकीदार हैं और अब वे सनातन धर्म के प्रति पूरी तरह से समर्पित है और जी जान से उसको बढ़ाने में लगे हैं ताकि देश एक दिन हिन्दू राष्ट्र बन सके।