रुधौली। थाना क्षेत्र के बिजलपुर गांव निवासी सोनू चौधरी (22) शुक्रवार की देर रात रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है। युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी, मगर कामयाबी नहीं मिल पाई। चर्चा है कि जमीन के काम में उसने कम दिनों में अच्छी रकम कमा ली थी। साथ ही, पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानकार भी छानबीन कर रही है।
सोनू के मौसेरे भाई संजय चौधरी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि सोनू शुक्रवार की दोपहर में कुछ जरूरी काम से अपनी चार पहिया वाहन से बस्ती गया था। गाड़ी चलाते वक्त वह अपनी मंगेतर से मोबाइल पर बात कर रहा था। सोनू की मंगेतर ने उसे बताया है कि लौटे वक्त वह कोहरा नहर से हनुमानगंज की तरफ मुड़ा था, तभी चार-पांच लोगों ने उसकी कार रोकवा लिया। सोनू ने फोन रख दिया, मगर स्पीकर खुला था। इससे पूरी बात सुनाई दे रही थी। इसके बाद मोबाइल का स्वीच ऑफ हो गया और तब से सोनू भी लापता है।
इस संबंध प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक के अपहरण के आरोप में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसओजी सहित छह टीमें युवक को खोजने में लगी हैं। जल्द की कामयाबी मिलने की उम्मीद है।न