महादेवा। बस्ती-महुली मार्ग पर सोमवार की रात पिकअप की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के गौरा उपाध्याय गांव निवासी सालिकराम (35) पुत्र बोधई सोमवार रात करीब 8:30 बजे पैदल ही महादेवा से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल ले गए तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के अनुसार सालिकराम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी अनीता अपने बेटे अंकुर के साथ मायके में रहती है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लालगंज विनय कुमार पाठक व डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।