पैकोलिया। क्षेत्र के दुबौलिया जीतीपुर में एक युवक का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुबौलिया जीतीपुर गांव निवासी दीपक कुमार (25) पुत्र रामनरेश का शव रात में घर में छत की कुंडी से डुपट्टे के सहारे लटका मिला। चर्चा है कि पति-पत्नी रात किसी बात पर कहासुनी कर रहे थे। इस दौरान दीपक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया जबकि पत्नी सरिता गलियारे में बैठी रह गई। कुछ देर बाद अनहोनी आशंका पर स्वजनों ने दरवाजा तोड़ा तो दीपक का शव लटका रहा था।
परिवार ने आनन-फानन में नीचे उतारा तब तक दीपक की मौत हो चुकी थी। शुक्रवार की सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। अभी एक वर्ष पूर्व दोनों की शादी हुई थी। दीपक दिल्ली में रहकर वेल्डिंग का काम करता है। परिवार वालों से अलग पति-पत्नी दोनों अपना भोजन पकाते थे। जबकि परिवार में मां-बाप के अलावा और भी भाई-बहन हैं जो अलग रहते हैं।