टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के तिछंवा गांव में पत्नी के किसी बात से नाराज होकर पति रोहित (30) ने रविवार की सुबह करीब पांच बजे जहर खा लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रोहित की शादी पांच साल पहले सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली सुमाली के चिरैयाडाड पुरवे पर अज्ञाराम चौधरी की बेटी रीता के साथ हुई थी। रोहित मेहनत-मजदूरी का परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों ने बताया कि पांच माह से रोहित की पत्नी रीता मायके ही रह रही थी। उसे बुलाने के लिए रोहित ने कई बार प्रयास किया, मगर वह आने के लिए तैयार नहीं थी। टिनिच चौकी प्रभारी श्रीहरिराय ने बताया कि रोहित की शनिवार की रात फोन पर रोहित की पत्नी से कुछ कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज होकर उसने कमरे का दरवाजा बंद कर जहर खा लिया। परिजन दरवाजा तोड़कर रोहित को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। संवाद