महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के महादेवरी गांव में रविवार की सुबह एक दबंग ने बुजुर्ग पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। इससे बुजुर्ग लहूलुहान हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीएचसी हर्रैया में प्राथमिकी उपचार के बाद बुजुर्ग को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घायल के परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक कुलदीप मजदूरी करता है। सुबह करीब नौ बजे अरुण कुमार (60) कुलदीप को काम के लिए बुलाने गए थे। कुलदीप ने काम पर आने से मना कर दिया। चर्चा है कि इसी बीच दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि कुलदीप ने लाठी-डंडे से बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। शोर मचाने पर लोग पहुंचते, इससे पहले आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
शोर-शराबा सुनकर परिवार के लोग भी पहुंच गए। आनन-फानन घायल बुजुर्ग को सीएचसी हर्रैया ले गए। प्राथमिकी उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, मारपीट में घायल बुजुर्ग की पत्नी सरस्वती ने हर्रैया थाने में तहरीर देकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद