टिनिच (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच चौकी अंतर्गत पंडितपुर गांव में रविवार सुबह आठ बजे गन्ने के खेत से निकलकर नकाबपोश को आते देख डर के मारे महिला बेहोश हो गई। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने खेत को चारों ओर से घेर लिया। दो घंटे तक खेत में खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
गांव के रामशब्द चौधरी के बेटे हरेंद्र की पत्नी पूनम दरवाजे पर हैंडपंप के पास बर्तन धो रही थीं। घर के पीछे गन्ने के खेत से नकाब लगाए निकला संदिग्ध व्यक्ति पूनम की ओर बढ़ने लगा। पूनम घबड़ा गईं और शोर मचाते हुए घर की ओर भागीं। बरामदे में पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। घर के अन्य सदस्य और गांव के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया और करीब दो घंटे तक खेत में छानबीन की लेकिन, वह नहीं मिला।
सूचना पर करीब दस बजे चौकी प्रभारी हरी राय गांव पहुंचे और पूनम से जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस पर गश्त न करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। चौकी प्रभारी हरी राय ने आश्वस्त किया कि अब गांव में नियमित गश्त की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय चौकीदारों की भी मदद ली जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध को देखते ही तत्काल पुलिस को सूचित करें। संवाद