भानपुर। तहसील क्षेत्र में सोमवार की सुबह अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो किशोर और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला और एक किशोर को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बता दें कि पहला हादसा सोनहा थाना क्षेत्र के डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर एक बाइक एजेंसी के पास सुबह करीब 7:10 बजे हुआ। बेटे यशवंत सिंह गौतम के साथ बाइक पर बैठकर इलाज के लिए बस्ती जा रही बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के मालदा गांव निवासी मंजू देवी (45) सड़क पर गड्ढे में अचानक बाइक फंसने से गिर पड़ीं।
बेटे यशवंत ने बताया कि मां के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई। एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर गांव चले गए।
दूसरा हादसा सुबह करीब 7:55 बजे इसी मार्ग पर नरखोरिया के पास हुआ। एक शख्स के साथ बाइक के पीछे बैठकर पचासी तकियाचक निवासी उर्मिला (45) कहीं जा रही थीं। नरखोरिया में बाइक अचानक कुत्ते टकराया गया। इससे उर्मिला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। परिवार के लोग उन्हें निजी वाहन से सीएचसी ने गए। डॉक्टर ने सिर में टांके लगाकर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
तीसरा हादसा भानपुर-रुधौली मार्ग पर परसोनिया पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। बाइक से जा रहे यश कुमार (16) पुत्र बालकेश निवासी असुरैना थाना सोनहा व अरुण कुमार (17) पुत्र नंदकिशोर निवासी धवाय थाना सोनहा बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बालकेश की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि अरुण को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।