बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर में शुरू हुआ पूजन- अर्चन। संवाद
- फोटो : 1
बस्ती। बाबा भद्रेश्वर नाथ धाम समेत जिले के सभी शिवालयों और मठ- मंदिरों पर महाशिवरात्रि पर्व की तैयारी पूरी कर ली गई है। रंग- रोगन के साथ मंदिरों की विशेष सजावट की गई है। एक दिन पहले से ही मंदिरों पर धार्मिक अनुष्ठान, मानस पाठ, कीर्तन आदि की धूम मची हुई है। रविवार को ब्रह्म मुहुर्त में शिवलिंग पर जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। भद्रेश्वरनाथ मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर रात दो बजे के बाद से सभी मंदिरों पर पुलिस मुस्तैद हो जाएगी। इस बार महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ज्यादातर शिवालयों पर महिला आरक्षी और महिला उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पुरुष पुलिस बल भी तैनात किया गया है। शहर से दस किमी दूर स्थित बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ होने की वजह से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। यहां कोतवाली की फोर्स के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर के गर्भ गृह में महिला और पुरुष दोनों पुलिस बल मौजूद रहेगी। श्रद्धालुओं को बिना धक्की- मुक्की के जलाभिषेक कराने के लिए पुलिस तत्पर रहेगी। भीड़ बढ़ने पर पहले से तैयार लोहे की बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं को मंदिर के गर्भ गृह तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा चोर- उचक्कों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। मंदिर के चारों तरफ पुलिस की निगरानी होगी। इसके अलावा बस्ती- अयोध्या हाईवे के किनारे तिलकपुर में स्थित बाबा जागेश्वरनाथ धाम, बस्ती- कांटे मार्ग पर स्थित कड़रनाथ मंदिर, देवरिया मंदिर, भारीनाथ मंदिर आदि शिवालयों पर भी सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। डारीडीहा के पास होगा रूट डायवर्जन : डारीडीहा से भद्रेश्वरनाथ जाने वाले मार्ग के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी और फोर्स तैनात की गई है। यहां बैरिकेडिंग करके वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। श्रद्धालुओं को डारीडीहा से भद्रेश्वरनाथ तक तीन किमी पैदल चलना होगा। जबकि बाइक सवार लोगों को भद्रेश्वरनाथ तक पहुंचने के लिए राजाचक गांव के रास्ते से पहुंचने में सहूलियत दी जाएगी। इस मार्ग से मंदिर से तीन सौ मीटर पहले तक लोग पहुंच सकते हैं। इसी तरह नगर थाना क्षेत्र से आने वाले मार्ग पर मोहटा गांव के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। यहां से पांच सौ मीटर मंदिर तक पैदल चलकर लोगों को आना होगा।