संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। लालगंज कस्बे से होकर गुजरने वाली कुआनो नदी के पुल से मंगलवार की दोपहर किशोर पानी में कूद गया। मछली पकड़ रहे मछुआरों ने किसी तरह से उसे बचाकर नदी से निकाला।
इसके बाद किशोर लालगंज थाने और 112 नंबर पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाने लगा। उसका कहना है कि रात में पुलिसकर्मियों ने उसे निर्वस्त्र कर पीटा और वीडियो भी बना लिया। अब वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं है, इसलिए नदी में कूद गया था।
वहीं एसओ सुनील कुमार गोंड का कहना है कि सोमवार को किशोर के बड़े भाई को 112 की टीम थाने पर लाई थी। उसका शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। जबकि आरोप लगाने वाले किशोर को थाने नहीं लाया गया था।
नदी के आसपास मौजूद लोगोंं के अनुसार, मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे लालगंज क्षेत्र के कोप गांव निवासी 17 वर्षीय अखिलेश चौधरी पुत्र कृपाशंकर चौधरी कुआनो नदी के पुल पर पहुंचा।
कुछ देर तक पुल पर खड़े रहने के बाद अचानक उसने पानी में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जुट गई। उसी समय पास में नाव लेकर मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर उस पर पड़ गई।
मछुआरों ने अखिलेश को डूबने से पहले निकाल लिया। इधर, सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। कुछ देर तक अखिलेश अचेत पड़ा रहा। थोड़ी देर बाद चीख-चीखकर एसओ के सामने ही पुलिस पर आरोप लगाने लगा। अखिलेश का कहना था कि उसके कपड़े उतरवाकर यूपी-112 की टीम ने सोमवार की रात को पीटा है। वीडियो भी बनाया है। वह वीडियो जो देखेगा क्या सोचेगा, इसलिए उसने जान देने की कोशिश की। पीड़ित अखिलेश की माता कल्याणी चौधरी और पिता कृपाशंकर चौधरी ने बताया कि बेटे अखिलेश चौधरी को लालगंज पुलिस थाने पर ले जाकर मारापीटा।
रात में गांव के पास धूपई चौधरी इंटर कॉलेज के पास नगा कर पिटाई कर वहीं छोड़ दिया। इससे आहत होकर बेटे ने यह कदम उठाया है। इस कदम के लिए लालगंज पुलिस और 112 के टीम जिम्मेदार है।