बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बोदवल बाजार में संदिग्ध परिस्थितियों में 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने जमीन बैनामा कराने के बाद रुपये नहीं दिए। मांगने पर बैनामा कराने वालों के परिजनों ने जान से मारने की धमकी दी।
इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही गिरजेश कसौधन, संजय कसौधन, संदीप कसौधन, सौरभ कसौधन पर गैर इरादतन हत्या, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बोदवल बाजार निवासी जगदीश अग्रहरि ने मुंडेरवा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छोटे भाई विनोद (47) के हिस्से की जमीन धोखे से गांव के कुछ लोगों ने अपनी मां के नाम से पंद्रह दिन पहले बैनामा करा ली। अग्रिम में विनोद को दो लाख रुपये ट्रांसफर भी कर दिया।
बाकी के नौ लाख रुपये कुछ दिनों बाद देने के लिए कहा था, लेकिन नहीं दिए। पुलिस को दी तहरीर में बताया गया कि बृहस्पतिवार को सुबह करीब नौ बजे विनोद (मृतक) घर के दरवाजे पर बैठे थे। तभी घर के सामने से बैनामा कराने वाले गिरजेश कसौधन, संजय कसौधन, संदीप कसौधन, सौरभ कसौधन पुत्र स्व. रामसूरत जा रहे थे।
विनोद ने अपने बाकी के पैसे देने के लिए कहा, तो उन्होंने अपशब्द कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विनोद की मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र चौधरी तथा फोरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।