बस्ती। रक्षा बंधन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावट के खिलाफ अलर्ट मोड पर है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीमों ने जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान खोया, पनीर, मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं खाने योग्य नहीं मिलने पर 12 क्विंटल मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई। नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन चितरंजन कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर विभाग की पांच टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। 17 से 27 अगस्त तक चले अभियान में 47 नमूने खाद्य पदार्थों के एकत्र किए गए हैं। जांच के लिए लैब में भेजा गया है। वहीं, 12 क्विंटल मिठाई, पनीर ऐसी थी जो खाने लायक नहीं थी उसे नष्ट कराया गया। इसमें डेढ़ क्विंटल पनीर, साढ़े नौ क्विंटल खोआ, एक क्विंटल बूंदी दाना को गड्ढा खोदकर नष्ट करवा दिया गया है। वहीं, रुधौली में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय श्रीवास्तव ने जांच कर नमूने लिए। मुंडेरवा में सुभेष कुमार की अगुवाई में नमूने लिए गए। वहीं शहर में वाहन के जरिये लोगों को जागरूक किया गया। कारखाने का निरीक्षण भी किया गया। सुधार के लिए फर्म को निर्देशित किया गया।