जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर लगी आग की चपेट में आने से कही मकान जल गया तो कहीं फसल। हर दिन लग रही आग ने अब तक कई किसानों के अरमान फूंक डाले हैं। प्रशासन का प्रयास भी कोई परिणाम नहीं दे पा रहा है।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार कोरियाडीह चौराहे पर राम प्रगट, घिसियावन के मकान में बृहस्पतिवार को 11 बजे दिन में खाना बनाते हुए निकली चिंगारी से आग लग गई। जब तक इस पर नियंत्रण पाते तब तक घर में रखा, अनाज, कपड़ा व पांच हजार नकदी जल गया।
ग्राम प्रधान नीलम, सनोज कुमार, मोहन जायसवाल, कन्हैया जायसवाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई थी, मगर गाड़ी समय से नहीं पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।
चिंगारी बनी शोला, 73 बीघा फसल राख
मानिकचन्द। वाल्टरगंज क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के दक्षिण सिवान में भूसा बनाते समय ट्रैक्टर की चिमनी से निकली चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 73 बीघा फसल को लील लिया।
हुआ यूं कि गांव के ही मनमोहन पांडेय के खेत में भूसा बनाने वाली मशीन चल रही थी। इसे चलाने के लिए प्रयुक्त होने वाले ट्रैक्टर की चिमनी से अचानक चिंगारी निकली। इसके चलते भादी ककरहवा, रघुनाथपुर, कल्याणपुर, बहरामपुर, ठगहवा, मुस्तफावाद, धन्नीजोत व गडगोडिया के किसान चन्द्रप्रकाश, मोहम्मद यासीन, अजमत अली, हरीलाल, रविप्रकाश, राजकुमार, रामअधारे, रामसुख, सुमित्रा, ठाकुर मौर्या, अवतारी, ओम प्रकाश, रामप्रकाश, वेद प्रकाश, रामरूप, मदनमोहन पांडेय, लालमन, रामलरवन, विश्वनाथ, अखिलेश, चन्द्रभान चौधरी, श्यामलाल, सुदामा, राकेश, राजेश, रामअधारे, शिवचरन, रामअवतार सहित 28 किसानों की फसल आग की भेंट चढ़ गई। घटना के बाद किसान आक्रोशित हो उठे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बातचीत कर मामला शांत कराया। इधर आग लगने के बाद चालक मशीन लेकर फरार हो गया। हलका लेखपाल मौके पर पहुंच मुआयना किया।