परशुरामपुर। थाना क्षेत्र के नंदनगर गांव में एक पिता बुधवार की देर शाम अपने तीन बच्चों को घर में जिंदा दफन करने की कोशिश कर रहा था। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंचकर उसके चंगुल से तीनों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने इरफान पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, घर को भी सील कर दिया गया है।
परशुरामपुर थाने के एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार की देर शाम करीब 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि नंदनगर निवासी इरफान हाशमी घर में गड्ढा खोदकर अपने बच्चों महिनूर (11), अमीन (8) और माहेजबीन (7) को जिंदा दफन करना चाहता है। सूचना के बाद एसओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि इरफान से पूछताछ की गई तो मामला सही पाया गया। उसने घर में खोदे गए गड्ढे को भी दिखाया। पुलिस के अनुसार, इरफान घरेलू कलह से ऊब चुका था। एक दिन पहले उसने पत्नी मोमीना को मारपीट कर घर से भगा दिया था, वह मायके चली गई है। दोनों बेटियों और एक बेटे को मायके से आई उसकी मां को सौंप दिया है।