बस्ती। समाजवादी पार्टी महिला सभा जिलाध्यक्ष गीता भारती के नेतृत्व में शनिवार को प्रतिनिधि मंडल ने लालगंज थाना क्षेत्र स्थित मासूम के घर पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने शोक संतप्त परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में पार्टी उनके साथ खड़ी है और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसी कड़ी में प्रतिनिधि मंडल ने लालगंज थाने पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। थाने में मौजूद सीओ स्वर्णिमा सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। इस संबंध में अभी पूरा विवरण देना संभव नहीं है।
जिलाध्यक्ष गीता भारती ने कहा कि यदि शीघ्र दोषी हत्यारे गिरफ्तार नहीं हुए तो पार्टी संघर्ष के लिए बाध्य होगी। बताया कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय को रिपोर्ट भेज दी जाएगी और गरीब परिवार को आर्थिक सहायता देने का भी आग्रह किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में सपा महिला सभा की प्रियंका पाल, इंद्रावती शुक्ला, विजय लक्ष्मी गौतम, प्रिया श्रीवास्तव, सुशीला गौतम, राधा देवी, उर्मिला मिश्रा, बबिता गौतम शामिल रहीं।