बस्ती। लाभार्थी योजनाओं के नाम पर जालसाल फिर सक्रिय हो गए हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम पर लाभार्थियों को अपने जाल में फंसा रहे और उनके खाते से रकम उड़ा दे रहे हैं। कुछ ऐसा ही हुआ सोमवार को जब लाभार्थी के पति के खाते से एक ही क्लिक में 14 हजार 300 रुपये उड़ गए। हर्रैया थाना क्षेत्र के पीतपुर गांव निवासी जावेद अहमद के मुताबिक नौ फरवरी की सुबह आठ बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। अंजान व्यक्ति ने कहा कि वह लखनऊ से डॉ. मोहन प्रसाद बोल रहा है। बताया कि आपकी बेटी अनाया खातुन के नाम पर पत्नी शबनम को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रोत्साहन राशि 6000 रुपये मिली है या नहीं। नहीं बोलने पर वह गूगल-पे नंबर मांगा और कहाकि आज ही यह पैसा ट्रांसफर करना है। बेटी का नाम व आशा का नाम भी बताया तो विश्वास कर लिया।
उसके झांसे में आकर गूगल-पे का क्यूआर कोड बता दिया। इसके बाद 9990 रुपये खाते में ट्रांसफर संबंधी सूचना मिली। फिर उसने गूगल-पे पर जाकर पिन डालने को कहा, पिन डालते ही कुछ देर बाद ही उनके बैंक खाते से 14 हजार 300 रुपये कटने का संदेश प्राप्त हुआ। तब उसे ठगी होने की जानकारी हुई। इसके बाद वह थाने में तहरीर दी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
फर्जी फोन कॉल से सांसत: डीसीपीएम दुर्गेश मल्ल ने बताया कि फर्जी कॉल की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभाव से संबंधित आशा कार्यकर्ता को जिस ग्राम पंचायत से जुड़ी हैं वहां के व्हाट्सएप ग्रुप में यह मैसेज भेज दिया गया है कि ऐसे फर्जी कॉल से बचें। अस्पताल से ऐसी कॉल नहीं की जाती है।