बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता ने सोमवार को निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। सदर ब्लॉक के घरसोहिया में निर्माणाधीन पीसीएफ गोदाम का बीम टेढ़ा पाया गया। डीएम ने नाराजगी जताई। कार्यदायी एजेंसी सीएलडीएफ को परीक्षण कराकर कमियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य टाई बीम स्तर तक पाया गया। कालम का बीम टेढ़ा मिला। सीएलडीएफ के मुख्य अभियंता द्वारा बताया गया कि अगला बजट मई 2025 तक प्राप्त होगा। निर्माण कार्य माह नवंबर 2025 तक पूर्ण हो जाएगा। इस पर डीएम ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के गुणवत्ता का कराने के बाद ही आगे का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद डीएम मेडिकल कॉलेज के ओपेक चिकित्सालय कैली पहुंचे। यहां निर्माणाधीन 50 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर भवन के निर्माण का निरीक्षण किया। भवन के स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण पाया गया। भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल पर ब्रिक का कार्य प्रगति पर मिला।
दूरभाष के माध्यम से अवर अभियंता द्वारा बताया गया कि हाईटेंशन तार के कारण निर्माण कार्य में विलंब हुआ है। अगस्त 2025 में इस परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। डीएम ने गुणवत्तापूर्ण निमार्ण कार्य निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। संवाद