हरैया। तहसील के एक लेखपाल की जाति विशेष पर की गई टिप्पणी से नाराज विश्व हिंदू महासंघ ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में वायरल हुए एक ऑडियो का हवाला देते हुए कहा गया है कि मिश्रौलिया गांव में तैनात लेखपाल मोबाइल पर बात करने वाले व्यक्ति से कार्य कराने के बदले दो हजार रुपये की मांग कर रहा है। साथ ही वह अनुसूचित जाति पर अपमानजनक टिप्पणी भी कर रहा है। दूसरी तरफ से मोबाइल पर बात करने वाला कहता है कि वह ऑनलाइन भेज देगा तो लेखपाल कह रहा है कि वह इसके चक्कर में नहीं पड़ता है नकद ही चलता है। ऑडियो वायरल होने के बाद विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी नाराज हो गए। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है। जिलाध्यक्ष महेश हिन्दुस्थानी ने कहा कि ऑडियो में संबंधित लेखपाल की भाषा उसकी मानसिकता को दर्शाता है। सरकारी कर्मचारी की बात सामाजिक सद्भाव व सामाजिक समरसता को बिगाड़ने वाली है। एसडीएम को दिए ज्ञापन में लेखपाल पर कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में तहसीलदार पंकज गुप्ता ने कहा कि आरोपों की जांच कराई जाएगी। संवाद