बस्ती। दिवाली के त्योहार में बिजली के चलते खलल न पड़े इसके लिए विभाग की ओर से प्रबंध किए जा रहे है। हालांकि दिवाली पर बिजली की खपत कई गुना बढ़ जाती है, बावजूद इसके लोकल फाल्ट और इमरजेंसी रोस्टरिंग में कमी लाने के लिए अमला जुटा हुआ है। बिजली कटौती को रोकने के लिए स्थानीय स्तर से लेकर पावर कारपोरेशन के अधिकारी लगे हैं।
दिवाली के चलते इन दिनों शहरी इलाके में विद्युत आपूर्ति में सुधार देखने को मिल रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दिवाली में बिजली की कटौती से खलल न पड़े इसके लिए महकमा जुटा है। कारपोरेशन ने अतिरिक्त बिजली की डिमांड को पूरी करने की व्यवस्था कर दी है। वहीं स्थानीय स्तर पर लोकल फाल्ट पर अंकुश लगाने के लिए अभियंता लगे हैं। शहरी क्षेत्र के एसडीओ खुर्शीद आलम खां ने बताया कि इन दिनों आपूर्ति में काफी सुधार हुआ है। लोकल फाल्ट पर अंकुश लगाने के लिए जर्जर तारों को बदलवाने का काम तेजी से कराया जा रहा है।
एक्सईन प्रथम एमके अग्रवाल का कहना है कि दिवाली का पर्व लोग खुशियों और उमंग के साथ मना सके, इसके लिए विभाग की ओर से पूरा प्रबंध किया जा रहा है। कारपोरेशन से मिल रहे संकेत के अनुसार दिवाली के दिन बिजली कटौती पर काफी हद तक अंकुश रहेगा।