बस्ती। जिला आबकारी अधिकारी दिनेश सिंह और सहायक आबकारी आयुक्त सीके सिंह की अगुवाई में आबकारी टीम ने बुधवार को लालगंज थाना क्षेत्र के कई ईंट भट्ठों पर छापेमारी कर 14 महिलाओं समेत कच्ची शराब बनाने वाले 16 लोगों पर कार्रवाई की। टीम ने 310 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की।
आबकारी विभाग की टीम ने लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को कुल र्नौ इंट भट्ठों पर छापेमारी की। टीम ने पाकरडाड़, डड़वा, बेलराई, भुवनी, सोहनपार, मरवटिया, जिभियांव, हथियांए, कुदरहा स्थित ईंट भठ्ठों पर बुधवार को छापेमारी की। छापेमारी का सिलसिला शाम तक जारी रहा। टीम को भट्ठों पर से कुल 310 लीटर तैयार कच्ची शराब मिली। इसके अलावा तकरीबन 30 क्विंटल लहन भी बरामद की गई। उसे मौके पर नष्ट कर दिया गया। इस दौरान कच्ची शराब तैयार करने वाली 50 भट्ठियां भी तोड़ी गईं। मौके पर कच्ची के कारोबार में लगे फुलमनिया, शांती, गीता, विमला, बसंती, परदेशी, पुष्पा, कमला, नीलम, प्रमिला, किरन, अलका, आशा, सुरेश, जुमना, सुमरी, बुधना और जय कुमार के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। टीम में आबकारी इंसपेक्टर ज्ञानेंद्र नाथ पांडेय, इंसपेक्टर विद्यासागर, इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह सहित कई दर्जन भर से अधिकारी आबकारी सिपाही शामिल थे।