बस्ती। जिले में मंगलवार की भोर से बदहाल विद्युत व्यवस्था अभी पूरी तरह से पटरी पर नहीं आ पाई है। शहर में कड़ी मशक्कत कर किसी तरह 36 घंटे बाद आपूर्ति बहाल की गई। वहीं अब भी जिले के एक हजार से अधिक गांवों में बिजली संकट बरकरार है। गांवों में आपूर्ति बहाल न होने से लोगों के मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो चुकी हैं। इसका परिणाम है कि लोगों का आपस में संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण इलाके में आपूर्ति बहाली की गंभीर कोशिश न होने से लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। एक्सईन द्वितीय वीके मिश्र का कहना है कि आपूर्ति बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं।
हुदहुद के चलते सोमवार से ही जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार की रात से लेकर मंगलवार की देर शाम तक बारिश होती रही। इसके चलते शहरी इलाके में कई जगह पेड़ टूट कर बिजली के तार पर गिर गए। इससे शहर की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। देर शाम किसी तरह पुरानी बस्ती फीडर से आधे शहर की बिजली रुक-रुक कर दी गई। लेकिन अमहट, बड़ेवन फीडर से जुड़े शहर के गांधीनगर, तुर्क हिया, पिकौरा शिवगुलाम आदि मोहल्लों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। ऐसे में लोगों के घरों के इन्वर्टर भी दगा दे गए। इसके कारण लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। इसका साइड इफेक्ट जलापूर्ति पर पड़ा। बिजली न आने से लोगों के घरोें की पानी की टंकियां भी सूख गईं। इससे पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। किसी तरह दोपहर बाद 12.30 बजे पूरे शहर की आपूर्ति सामान्य हुई। इस संबंध में एसडीओ टाउन खुर्शीद आलम खां ने बताया कि काफी मेहनत के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। अब भी कई जगह तारों को ठीक करने का कार्य जारी है। इसके बाद आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
गांवों में अब भी है अंधेरा
मौसम की मार और लोकल फाल्ट के चलते जिले के विद्युत वितरण खंड द्वितीय के क्षेत्र में आने वाले भानपुर तहसील, गौर विकास खंड, कप्तानगंज विकास खंड, दुबौलिया विकास खंड आदि के एक हजार के करीब गांव दो दिन से अंधेरे में हैं। इस खंड के अधिकारियों और कर्मचारियों की लचर कार्यशैली के चलते 40 घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई।
गौर प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड के अंतर्गत आने वाले तीन फीडर से जुड़े करीब पांच सौ गांवों में तीन दिन से अंधेरा है। इसमें हरदी फीडर से 210 और बेलहिया से 80 और बभनान फीडर से 215 गांवों की आपूर्ति होती है। कई जगह लोकल फाल्ट के चलते बभनान में रविवार से और पेड़ गिरने से सोमवार की सुबह से बाकी दोनों फीडरों से आपूर्ति ठप हो गई है। विभागीय अभियंताओं का कहना है कि आपूर्ति सामान्य होने में अभी वक्त लगेगा। भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील के भानपुर, आमा, सोनहा और असनहरा फीडर से 435 गांव जुड़े हैं। इन सभी गांवों में सोमवार से ही अंधेरा है। बिजली न मिलने से लोगों के घरों में उपकरण नहीं चल रहे हैं। वहीं मोबाइल चार्ज न होने से लोगों को एक दूसरे से संपर्क कटा हुआ है। बुधवार की देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार कप्तानगंज विकास खंड से जुड़े करीब सौ गांवों की आपूर्ति कप्तानगंज फीडर से होती है। कई गांवों में पिछले दो दिन से बिजली नहीं आ रही है। बुधवार तक हालत में कोई सुधार नहीं हुआ था और न ही इसको ठीक करने का कोई गंभीर प्रयास विभाग की ओर से दिखा।