बस्ती। प्रदेश की दूसरी बड़ी ग्राम पंचायत गनेशपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। दो जिला पंचायत सदस्यों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर गनेशपुर को नगर पंचायत बनाने का अनुरोध किया है। इधर, डीएम की ओर से गनेशपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने के मामले को लेकर एसडीएम सदर को बिंदुवार जांच कर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को यह जिम्मेदारी दे दी है।
गनेशपुर को नगर पंचायत बनाने की मांग और प्रयास दोनो तेज हो गए है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार सदर अखिलेश सिंह को अविलंब सभी अभिलेखों का परीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। वहीं दूसरी ओर, जिला पंचायत सदस्य और जिला योजना समिति के सदस्य कृष्ण चंद्र सिंह ने डीएम को पत्र देकर कहा है कि गनेशपुर को नगर पंचायत बनाना अति आवश्यक है। गनेशपुर नगर पंचायत के सभी मानक पूरे करता है। उनकी प्रबल संस्तुति और मांग है कि गनेशपुर को नगर पंचायत बनाया जाए।
एक अन्य जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी राजभर ने भी डीएम अनिल कुमार दमेले को पत्र लिखकर गनेशपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की है। कहा कि गनेशपुर नगर पंचायत बनेगा तो इस क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। समाचार पत्र वितरक संघ के जिलाध्यक्ष और गनेशपुर के निवासी जगराम यादव ने भी गनेशपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए डीएम से अनुरोध किया है।