बस्ती। खेत मजदूर यूनियन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड सुभाषिनी अली सहगल ने कहा कि नौजवानो को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा। समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना होगा।
वह शनिवार को बस्ती के प्रेस क्लब सभागार में आयोजित जिला खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। कहा कि देश की एक बड़ी आबादी के साथ अन्याय किया जा रहा है। जो वास्तव में गरीब है उसे न तो गरीबी रेखा से नीचे का राशन कार्ड दिया जा रहा है और न ही मनरेगा के जाबकार्ड। कहा कि हम जाति, धर्म में बंटकर वोट देते हैं, इसका फायदा अवसरवादी लोग उठाते हैं। मजदूरों की मनरेगा मजदूरी मारी जा रही है। युुवा ग्रेजुएशन के बाद भी रिक्शा चलाने के लिए मजबूर है।
कामरेड सुभाषिनी ने खेमयू के कार्यकर्ताओं और नौजवानो का आवाहन करते हुए कहा कि 25 सितंबर को लखनऊ पहुंचकर निर्णायक संघर्ष छेड़ना होगा। उन्होने केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि अच्छे दिन का वादा करने वाली भाजपा क्या कर रही है, सबने देख लिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता कामरेड रामरतन और कवंलजीत कौर ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी कामरेड वीरेंद्र प्रताप मिश्र ने निभाई। इस मौके पर मुन्नी देवी, इंद्रावती, गायत्री, का.अरुण कुमार, दिलीप भारद्वाज, नरसिंह भारद्वाज, राजकुमार, केशवराम, रामदयाल, रामसूरत आदि मौजूद रहे।