बस्ती। जीआईसी बस्ती के एक रिटायर्ड शिक्षक के खाते से धोखाधड़ी कर 71 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब वह खाते से पैसा निकालने पहुंचे और पता चला कि उसमें उतने रुपये हैं ही नहीं। डिटेल निकालने पर पता चला कि उनके खाते से 71 हजार रुपये पहले ही निकाल लिए गए हैं, जबकि उन्होंने यह धनराशि निकाली ही नहीं।
जीआईसी बस्ती के रिटायर्ड शिक्षक जगदीशधर द्विवेदी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उनके एटीएम कार्ड के पिन नंबर का प्रयोग कर खाते से किसी ने 71 हजार रुपये निकाल लिया है। इस संबंध में पुलिस ने उनकी तहरीर पर मोबाइल नंबर 9176313027 का प्रयोग करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की है।
सीओ सिटी राजेश भारती ने बताया कि शिक्षक को किसी ने फोन कर कहा कि वह बैंक से बोल रहा है, उनके खाते और एटीएम के बारे में पूरी जानकारी ली। शिक्षक कुछ समझ नहीं पाए और पूरी जानकारी उस अज्ञात व्यक्ति को दे दी। ऐसे में उसने जानकारी का प्रयोग कर उनके खाते से धनराशि उड़ा दी। उन्होंने लोगों को आगाह किया है कि वे किसी को भी अपना फोन पर अपने खाते, एटीएम के बारे में कोई जानकारी न दें। अन्यथा उनके खाते से रकम उड़ाई जा सकती है।